
सीपत शराब भट्ठी के सामने सोमवार शाम एक अजीबोगरीब हादसा हो गया। हाइवा का डाला उठने के बाद भी चालक को इसकी भनक नहीं लगी और वह काफी दूर तक इसी हालत में वाहन चलाता रहा। आखिरकार शराब भट्ठी के सामने सड़क के ऊपर लगे छत्तीसगढ़ शासन के बड़े बोर्ड से हाइवा का उठा हुआ डाला टकरा गया। टक्कर से बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हाइवा क्रमांक सीजी 10 सी 9445 का चालक वाहन लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि गेयर की जगह लीवर का बटन दब जाने से हाइवा का पिछला डाला ऊपर उठ गया।
चालक को इसका पता नहीं चला और वह उठे हुए डाले के साथ ही वाहन चलाता रहा। सीपत शराब भट्ठी के पास पहुंचते ही हाइवा का डाला सड़क के ऊपर लगे छत्तीसगढ़ शासन के बोर्ड से जा टकराया। इससे बोर्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने सीपत पुलिस को जानकारी दी। बोर्ड क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर झुकने और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से सीपत-बिलासपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ देर के लिए भारी वाहनों का आवागमन भी बंद हो गया। सड़क पर जाम की स्थिति बनने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए सीपत पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। रात करीब 8 बजे पुलिस की सक्रियता से हाइड्रा मशीन मंगवाई गई। इसके जरिए क्षतिग्रस्त बोर्ड को हटाने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया। मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सीपत शराब भट्ठी के सामने छत्तीसगढ़ शासन के बोर्ड से टकराया हाइवा; दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार।">








