
रायपुर :–मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली गाथा है।
भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह जैसे महान जननायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है।
मुख्यमंत्री साय बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत के संरक्षण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने युवाओं से जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का अवलोकन करने का आह्वान किया।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान जनजातीय संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम, भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर लघु फिल्म और फोटो प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहे।
शिक्षा, खेल, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित, 120 करोड़ के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन">






