
कोंडागांव’;;;ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को सही दिशा देने और बेहतर शिक्षा हेतु उन्हें प्रतिष्ठित उच्च शैक्षणिक आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के योग्य बनाने के उद्देश्य से जिले के बुनागांव स्थित जनपद प्राथमिक शाला में एकदिवसीय निःशुल्क मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया।
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इस विशेष कार्यशाला में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए 32 विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
नए सिलेबस और परीक्षा पैटर्न की दी गई बारीक जानकारी
यह संपूर्ण मार्गदर्शन कार्यक्रम बच्चों की शिक्षा के प्रति समर्पित राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक सूरज नेताम और शिक्षिका मोनिका साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के नवीनतम सिलेबस (पाठ्यक्रम) और बदलते परीक्षा पैटर्न की विस्तृत व व्यावहारिक जानकारी दी गई। अभ्यास के तौर पर बच्चों से दो डेमो प्रश्नपत्र भी हल करवाए गए,
जिससे उन्हें समय प्रबंधन और प्रश्नों को समझने की रणनीति सीखने में मदद मिली। इसके साथ ही, परीक्षा के दौरान होने वाली सामान्य गलतियों से बचने के लिए ओएमआर (OMR) शीट को सही तरीके से भरने का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी 32 विद्यार्थियों को निःशुल्क एक-एक मॉडल प्रश्नपत्र, ओएमआर शीट और परीक्षा हेतु पेन प्रदान किए गए।
12 वर्षों से निःशुल्क कोचिंग के जरिए गढ़ रहे बच्चों का भविष्य
शिविर के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षक सूरज नेताम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा और लगन की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही समय पर उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उल्लेखनीय है
कि सूरज नेताम विगत 12 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में यह अनुकरणीय सेवा दे रहे हैं। वे नियमित स्कूल समय के अतिरिक्त और अवकाश के दिनों में स्वयं के व्यय पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को निःशुल्क कोचिंग एवं मार्गदर्शन प्रदान करते आ रहे हैं।
100 से अधिक विद्यार्थियों का हो चुका है चयन
शिक्षक सूरज नेताम की इस निःस्वार्थ तपस्या और समर्पण का ही परिणाम है कि ग्रामीण परिवेश के बच्चे आज प्रदेश और देश के नामी संस्थानों में अपनी जगह बना रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में तैयारी कर अब तक 100 से भी अधिक छात्र-छात्राओं का चयन नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जवाहर उत्कर्ष और अन्य उच्च गुणवत्तायुक्त आवासीय विद्यालयों में हो चुका है। ग्राम के सरपंच छबीलाल नेताम ने परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई कर अच्छे मुकाम हासिल करने हेतु शुभकामनाएं दी ,वहीं स्थानीय अभिभावकों और शिक्षाविदों ने इस निःशुल्क आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

नवोदय परीक्षा की तैयारी: बुनागाँव में निःशुल्क मार्गदर्शन शिविर में 32 बच्चों ने हल किए डेमो प्रश्नपत्र">







