
नारायणपुर:- आम आदमी पार्टी के नेता सुरजीत सिंह ठाकुर ने नारायणपुर जिले के आश्रम छात्रवासों की दैनीय स्थिति एवं नन्हे बच्चों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को लेकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मीडिया के समक्ष अपनी बात रखते हुए बताया कि आम आदमी पार्टी द्वारा लगातार जिले के आश्रम छात्रवासों की निरीक्षण किया जा रहा है। इसी दौरान शिकायत मिली थी कि, बालक आश्रम नेड़नार के बच्चों के साथ अधीक्षक लक्खू राम नेताम द्वारा छोटे बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करते हुए बच्चों के साथ अत्याचार किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि 05/12/2025 दिन शुक्रवार को आम आदमी पार्टी नेता सुरजीत सिंह ठाकुर खुद निरीक्षण करने के लिए गए थे जहां बालक आश्रम नेड़नार के छोटे-छोटे बच्चे कोल्हू के बैल की तरह काम करते दिखे । बच्चों से बातचीत किया तो बच्चों ने बताया की आश्रम की साफ सफाई से लेकर चावल, दाल की भी साफ सफाई बच्चे ही करते हैं, वहीं बाथरूम शौचालय की सफाई भी सभी बच्चे मिलकर करते हैं । उन्होंने आगे यह भी बताया कि बालक आश्रम नेड़नार के निरीक्षण के दौरान पता चला कि यहां अधीक्षक लक्खू राम नेताम के अलावा आश्रम में चार चपरासी भी हैं, जो हमेशा नदारत रहते हैं जिसके चलते अधीक्षक द्वारा नन्हे बच्चों को काम करने पर मजबूर किया जाता है।

बच्चों को भरपेट भोजन प्राप्त नहीं होता 50 बच्चों के लिए 2 किलो सब्जी, आधा किलो दाल, बनता है, व चावल भी एक ही परोस में खत्म हो जाता है, कोई बच्चा अगर दोबारा खाने कि इच्छा रखे तो उन्हें दोबारा खाना नसीब नहीं होता, वहीं बच्चों को नाश्ता भी नहीं दिया जाता ।

अधीक्षक बच्चों की साफ सफाई पर भी ध्यान नहीं देते, बच्चों के नहाने व कपड़ा धोने के लिए महीने में सिर्फ एक-एक साबुन दिया जाता है। वही सब्जी में उपयोग किये जाने वाले तेल को एक डिब्बे में डालकर बच्चों को लगाने के लिए दिया जाता है, जिसे सभी बच्चे लगाने पर मजबूर हैं, आश्रम में चार चपरासी होने के बावजूद बच्चों द्वारा ही खाना परोसा जाता है।
अधीक्षक द्वारा नन्हे बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करना या अत्याचार करना विभागीय उच्च अधिकारियों के घोर लापरवाही को को दर्शाता है। आदिवासी विकास शाखा सहायक आयुक्त एवं मंडल संयोजक द्वारा समय पर निरीक्षण नहीं करने के कारण ऐसे लापरवाह अधीक्षक के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी ऐसे लापरवाह अधीक्षक पर कड़ी कार्यवाही की मांग करते हुए प्रशासन से अनुरोध किया है कि अधीक्षक लक्खू राम नेताम को तत्काल अधीक्षक पद से हटाते हुए निलंबित किया जाए ।और वहीं आश्रम छात्रवासओं की निरीक्षण ना करने के संबंध को लेकर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शाखा अधिकारी पर भी कड़ी कार्यवाही की जाए। कार्यवाही नहीं होने पर आम आदमी पार्टी कलेक्ट्रेट घेराव कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।








