
खेल ही नहीं आपसी समरसता का मैदान ,,,, राजेश सूर्यवंशी
सीपत :– सीपत के ऐतिहासिक श्रीपतेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में सोमवार की रात क्षेत्र के अब तक के सबसे बड़े रात्रिकालीन प्लास्टिक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य और यादगार शुभारंभ हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी, दर्शकों की भारी भीड़ और खिलाड़ियों के जोश ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एनटीपीसी परियोजना प्रमुख विजयकृष्ण पांडेय ने की। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, एनटीपीसी अधिकारियों, खेल प्रेमियों और ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने सर्वप्रथम भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की, तत्पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।
टूर्नामेंट का शुभारंभ एक अनोखे और यादगार क्षण के साथ हुआ, जब एनटीपीसी परियोजना प्रमुख विजयकृष्ण पांडेय की बॉलिंग पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने बेटिंग कर पहली गेंद खेली, जिससे पूरे मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। पहले मुकाबले में सराईपाली और ढोलरा की टीमें आमने सामने रहीं। ढोलरा की बॉलिंग पर सराईपाली ने बल्लेबाजी करते हुए रोमांचक शुरुआत की। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि एनटीपीसी आज विश्व में ऊर्जा के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बना चुका है। ऐसे खेल आयोजन समाज में एकता, मित्रता और आपसी सामंजस्य को मजबूत करते हैं। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। एनटीपीसी के सहयोग से सीपत हरियाली की गोद में निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एनटीपीसी परियोजना प्रमुख विजयकृष्ण पांडेय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और टीम भावना सिखाता है।
खिलाड़ी खेल भावना के साथ खेलें। एनटीपीसी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा सहयोग करता रहा है और आगे भी हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. सनत मिश्रा ने कहा कि एनटीपीसी के सहयोग के बिना गांवों का समग्र विकास संभव नहीं। जीवन में संघर्ष करते रहिए, आपके भीतर अपार काबिलियत है। एनटीपीसी इंटक यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सलीम वीरानी ने कहा कि हेल्थ ही असली वेल्थ है। खेल से शरीर का विकास होता है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है। यह आयोजन सीपत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। सरपंच प्रतिनिधि योगेश वंशकार ने आयोजन को गांव की एकजुटता और युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बताते हुए एनटीपीसी एवं आयोजन समिति का आभार जताया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप, भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष तामेश्वर सिंह कौशिक, जनपद सभापति मनोज खरे, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, उपसरपंच प्रतिनिधि शशिकांत साहू, जिपं सदस्य प्रतिनिधि ओमप्रकाश सूर्या, सीपत प्रेस क्लब से हरीश गुप्ता, पूर्व सरपंच संतोष भोई , वरिष्ठ कांग्रेसी सुनील भोई , शिवशंकर यादव, एनटीपीसी एचआर डीजीएम सत्यकाम, एचआर एजीएम शैलेश चौहान, एचआर एजीएम अजीत सर, भाजपा नेता रामनिहोर सूर्यवंशी, शंकर ज्वेलर्स के संचालक सुरेश गुप्ता, प्रताप खरे, पंचगण, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सशक्त और रोचक संचालन कमेंटेटर सुनील सिसोदिया एवं अशोक कोरे ने किया। आयोजन समिति के सदस्यों के साथ-साथ समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा, जिसने आयोजन को ऐतिहासिक ऊंचाई प्रदान की।।









