
बिलासपुर – जनपद पंचायत मस्तूरी में अधिकारियों की कथित मनमानी कार्यप्रणाली और पंचायतों के विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर सरपंच संघ ने मोर्चा खोल दिया है। सरपंच संघ जनपद पंचायत मस्तूरी ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी आरईएस को तत्काल हटाने सहित छह सूत्रीय मांगें रखी हैं। संघ ने मांगों पर 30 नवंबर 2026 तक कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर 1 दिसंबर को चक्काजाम की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में सरपंचों ने आरोप लगाया है कि जनपद पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों की मनमानी, कार्यप्रणाली तथा कमीशनखोरी की शिकायतों से पंचायत प्रतिनिधि परेशान हैं। कथित तौर पर कमीशन का दबाव बढ़ने से पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरपंचों को अपने गांवों में विकास कार्य कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ का कहना है कि पंचायतों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। सरपंच संघ ने अपनी छह प्रमुख मांगों में जनपद पंचायत मस्तूरी के सीईओ और आरईएस एसडीओ को तत्काल हटाने, 16वें वित्त आयोग, मूलभूत तथा मनरेगा की लंबित राशि शीघ्र जारी करने और रोजगार सहायकों के आपसी स्थानांतरण की मांग उठाई है। इसके अलावा मंडी निधि से 50 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों की एजेंसी ग्राम पंचायत को बनाए जाने, सरपंचों का मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह तथा पंचों का मानदेय 5 हजार रुपये करने की मांग की गई है।
संघ ने 16वें वित्त आयोग की राशि का निर्धारण वर्ष 2011 की जनगणना के बजाय वर्तमान जनसंख्या के आधार पर करने तथा उसी अनुपात में राशि जारी करने की मांग भी रखी है।
सरपंच संघ ने जिला प्रशासन से मांगों पर एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है। चेतावनी दी गई है कि तय समयसीमा तक मांगें पूरी नहीं होने पर सरपंच संघ लामबंद होकर 1 दिसंबर से चक्काजाम करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। अब प्रशासन के रुख पर सरपंचों के अगले कदम की नजर टिकी है।

मस्तूरी सीईओ और आरईएस एसडीओ को हटाने की मांग पर लामबंद सरपंच संघ…. 1 दिसंबर को चक्काजाम की चेतावनी">








