
गरियाबंद/ फिंगेश्वर:—
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कसेरीडीह में आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान पत्रकार के साथ बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। देर शाम आबकारी विभाग की टीम ने गांव में छापा मारकर अवैध शराब बरामद की थी।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पत्रकार जब फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे, तभी वहां मौजूद आबकारी आरक्षक पीतांबर चौधरी ने कथित तौर पर पत्रकार का मोबाइल छीन लिया और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि आरक्षक शराब के नशे में था और पत्रकार से बदतमीजी भरे लहजे में बात कर रहा था।
पत्रकार द्वारा जानकारी मांगे जाने पर आरक्षक ने कहा कि “आपको जो भी जानकारी चाहिए, कार्यालय आकर लीजिए, यहां फोटो-वीडियो बनाने का कोई अधिकार नहीं है” और जबरन मोबाइल छीन लिया।
इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारी से जब जब्त शराब का वजन पूछने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कोई जानकारी देना जरूरी नहीं समझा और वाहन स्टार्ट कर यह कहते हुए रवाना हो गए कि “आपको जो करना है कर लीजिए।”
वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई सूचना इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर को फोन पर दी गई, जिस पर उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं एसडीओपी निशा सिन्हा को भी अवगत कराए जाने पर उन्होंने संबंधित वाहन का नंबर और वीडियो भेजने को कहा तथा पांडुका थाना में वाहन रोककर जांच कर आरक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात कही।
थाना प्रभारी का बयान
पांडुका थाना प्रभारी कृष्ण प्रसाद जांगड़े ने बताया कि “आपके द्वारा दिया गया वाहन नंबर अभी थाना क्षेत्र से नहीं गुजरा है, जैसे ही वाहन पहुंचता है, उसकी जांच की जाएगी।”
पत्रकार सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर जिले में पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मामले में प्रशासन और पुलिस द्वारा क्या ठोस कार्रवाई की जाती है।









