
छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
राजधानी रायपुर की क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।

दरअसल, 13 मार्च 2026 की रात 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र टेलीग्राम ग्रुप में वायरल हुआ था। इसके अगले दिन 14 मार्च को परीक्षा आयोजित हुई थी। हालांकि परीक्षा के बाद पेपर लीक की पुष्टि होने पर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा रद्द कर दी थी और दोबारा 10 अप्रैल को परीक्षा कराई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि पेपर लीक से जुड़े लोग सोशल मीडिया चैट और डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे थे।
इसके बाद साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीटेड डेटा रिकवर किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 50 से ज्यादा छात्रों और संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।





