ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:— जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त एक सेंट्रो कार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सफेद रंग की सेंट्रो कार में अवैध रूप से देशी शराब रखकर जिला अस्पताल के पास शुलभ शौचालय के सामने बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना तारबाहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 35 नग देशी शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सफी कुरैशी (33 वर्ष) निवासी इंदिरा कॉलोनी, तारबाहर तथा शेख अकबर (30 वर्ष) निवासी इंदिरा कॉलोनी, तारबाहर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 182/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब बिक्री और उससे जुड़े अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक नुरूल कादिर, राजेश श्रीवास, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेंदले, राहुल राजपूत एवं महेंद्र सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






