
आबादी के बीच धधका ट्रांसफार्मर,समय रहते टला बड़ा हादसा
रतनपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 बुधवारीपारा में शनिवार को महज दो दिन पहले लगाए गए विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
वार्ड पार्षद ने दिखाई तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद अर्चना संतोष सोनी ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई कर आग पर काबू पाया। पार्षद की त्वरित पहल से क्षेत्र में संभावित बड़ा खतरा टल गया।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराज़गी
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगाने के बजाय पुराना अथवा मरम्मत किया हुआ ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिसके कारण यह घटना हुई। हालांकि इस संबंध में विद्युत विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी उठ चुके हैं बिजली व्यवस्था पर सवाल
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रतनपुर में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक नंदी (बैल) की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी बिजली व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। अब ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना ने एक बार फिर विद्युत व्यवस्था की गुणवत्ता और रखरखाव पर चिंता बढ़ा दी है।
आबादी के बीच ट्रांसफार्मर, लोगों में चिंता
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रांसफार्मर घनी आबादी के बीच स्थित है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो जनहानि या संपत्ति को भारी नुकसान हो सकता था। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की मांग की है।
जांच और कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच कराने, घटना के कारणों का खुलासा करने,दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने तथा सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत उपकरण लगाने की मांग की है।








