
दोस्तों के सामने गहरे पानी में समाया युवक, एसडीआरएफ ने छह घंटे बाद बरामद किया शव
रतनपुर…बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र स्थित औरापानी जलाशय में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे 32 वर्षीय युवक की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोपहर करीब एक बजे युवक का शव जलाशय से बाहर निकाला। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
सुबह पिकनिक मनाने पहुंचे थे छह दोस्त
जानकारी के अनुसार नया सरकंडा गली नंबर-4 निवासी ऋषभ देव (32 वर्ष) पिता ओमप्रकाश देव सोमवार सुबह करीब छह बजे अपने दोस्तों अभिषेक जायसवाल, राकेश साहू, दीपक जायसवाल, कुशल टेक्नो और बिट्टू अली के साथ औरापानी जलाशय पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सुबह करीब 6:30 बजे सभी युवक जलाशय में नहाने उतर गए।
नहाते समय गहरे पानी में चला गया ऋषभ
नहाने के दौरान ऋषभ देव अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वे कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए। घटना के बाद दोस्तों ने तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।
एसडीआरएफ ने छह घंटे चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। जलाशय में कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार दोपहर करीब एक बजे रेस्क्यू टीम ने ऋषभ का शव पानी से बाहर निकाला।
शव मिलते ही परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल
शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कुछ घंटे पहले तक पिकनिक की खुशियां मना रहे साथी अपने मित्र को अंतिम बार देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मर्ग कायम, पुलिस जांच में जुटी
कोटा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के समय सुरक्षा संबंधी क्या स्थिति थी।
बरसात में जलाशयों से दूरी रखने की अपील
यह हादसा एक बार फिर बरसात के मौसम में जलाशयों और बांधों में नहाने के खतरों की ओर ध्यान दिलाता है। बारिश के दौरान जलस्तर, गहराई और बहाव का सही अनुमान लगाना कठिन होता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से जलाशयों और बांधों में नहाने से बचने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

कोटा: पिकनिक बनी मौत का सफर, औरापानी जलाशय में डूबने से 32 वर्षीय युवक की मौत">







