
कोटा के तीन विद्यालयों में सरस्वती साइकिल वितरण, छात्राओं के चेहरों पर दिखी खुशी;
शिक्षा और आत्मनिर्भरता को मिली नई रफ्तार
कोटा (बिलासपुर):—
शिक्षा के रास्ते में दूरी अब बाधा नहीं बनेगी। सरकार की निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत शुक्रवार को कोटा क्षेत्र के पीएम श्री सेजेस डी.के.पी. विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोटा तथा शासकीय हाई स्कूल, अमाली में छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल मिलते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी, उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक उठा। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब बेटियों को अवसर और संसाधन मिलते हैं, तो वे सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकती हैं।
साइकिल वितरण के दौरान छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना केवल एक साइकिल देने की नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को गति देने और उनके भविष्य को मजबूत बनाने का अभियान है।
इससे विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा ने कहा कि शिक्षित बेटी ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने परिवार, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा बिलासपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला कार्यालय मंत्री महाराज सिंह नायक, मंडल अध्यक्ष बजरंग जायसवाल, महामंत्री सुलेश पांडे, सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश साहू, एल्डरमैन महेन्द्र कुमार अग्रहरि, श्रीमती गंगिया बाई साहू,
नंदलाल क्षत्री, मोहन श्रीवास, बैकुंठनाथ जायसवाल, अमन कुमार अग्रहरि, देवकिशन साहू, सचिन जैन, चंद्रकांत अग्रवाल, कमल आहूजा, मोहन कोरी, सरोज साहू एवं श्रीमती अंजली वैष्णव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









