ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर;— बिलासगुड़ी स्थित रक्षित केंद्र में शनिवार को पुलिस विभाग के प्रधान आरक्षक (यातायात) ध्रुव पाण्डेय के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। लगभग 40 वर्षों की उत्कृष्ट, समर्पित एवं निष्कलंक सेवा पूर्ण करने पर पुलिस विभाग ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए शाल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान पूरा माहौल भावुक और आत्मीय बना रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ध्रुव पाण्डेय ने पूरे सेवाकाल में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली पुलिस विभाग के युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी स्वभाव की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद पारिवारिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में श्रीमती अनामिका पाण्डेय एवं उनके दोनों पुत्र भी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ध्रुव पाण्डेय के साथ बिताए गए लंबे कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
इस अवसर पर डीएसपी लाइन मंजूलता केरकेट्टा, सीएसपी कोतवाली टिकेश्वर प्रसाद यादव, डीएसपी सुदीप सरकार, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, मुख्य लिपिक रफीक खान सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

40 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद विदा हुए ध्रुव पाण्डेय, बिलासपुर पुलिस ने दी भावभीनी विदाई">







