
किराएदार रखने से पहले सत्यापन जरूरी, रतनपुर पुलिस ने नागरिकों से की अपील
रतनपुर….रतनपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र के सभी शहरवासियों एवं ग्रामवासियों से किराएदार रखने से पहले उसकी पहचान और आवश्यक जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी बाहरी अथवा अंजान व्यक्ति को बिना जांच-पड़ताल के घर या दुकान किराए पर नहीं देने की बात कही है।
पहचान और पते की करें पुष्टि
पुलिस के अनुसार, घर,दुकान या किसी अन्य परिसर में किराएदार रखने से पहले उसके पहचान-पत्र, स्थायी पते और अन्य आवश्यक जानकारियों की पुष्टि करना जरूरी है। मकान मालिक किराएदार से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस को भी उपलब्ध कराएं, ताकि क्षेत्र में रहने वाले लोगों का उचित सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।
बिना सत्यापन किराएदार रखना पड़ सकता है भारी
रतनपुर पुलिस ने नागरिकों को आगाह किया है कि बिना सत्यापन किसी अंजान व्यक्ति को किराए पर रखना भविष्य में किसी आपराधिक घटना की स्थिति में मकान मालिक के लिए भी परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए किराएदार रखने में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की अपील की गई है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध या अंजान व्यक्ति रह रहा है और उसकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आती हैं, तो नागरिक स्वयं कानून हाथ में न लें। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
सतर्कता से सुरक्षित रहेगा समाज
रतनपुर पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की जागरूकता और सतर्कता महत्वपूर्ण है। पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से न केवल उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र को सुरक्षित बनाने में भी मदद मिलेगी। रतनपुर पुलिस की अपील — “सतर्क नागरिक, सुरक्षित समाज”

किराएदार रखने से पहले सत्यापन जरूरी, रतनपुर पुलिस ने शहरवासियों से की अपील">








