
बिलासपुर..:–स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बिलासपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी निगरानी और बढ़ा दी है। थाना तोरवा पुलिस ने GRP और RPF के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच की गई, जिसमें खतरनाक और धारदार हथियार बरामद किए गए।
13 अगस्त को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना तोरवा, GRP और RPF की संयुक्त टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस को ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि देवघर के बाबा धाम से धारदार चाकू और हथियार लाकर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
इसी सूचना के आधार पर साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों और उनके सामान की बारीकी से जांच की गई। चेकिंग के दौरान खतरनाक एवं घातक धारदार हथियार बरामद कर पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, बस स्टैंड और शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।
संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा और स्वतंत्रता दिवस के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









