
बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में हथियार के दम पर लूट और नकबजनी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिस्टल, सोने के आभूषण, कार, बाइक और 6 मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को रेलवे कर्मचारी से करीब 7,430 रुपए की कलेक्शन राशि लूटने और 18 जुलाई को बुर्का पहनकर घर में घुसकर हथियार की नोक पर सोने के जेवर लूटने की वारदात हुई थी।
जांच में राकेश जायसवाल को मास्टरमाइंड बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रीवा से पिस्टल हासिल कर वारदात को अंजाम दिया और लूटे गए सोने को ज्वेलरी दुकान में बेच दिया।
कार्रवाई में एक पिस्टल, सोने के जेवर, आर्टिका कार, प्लेटिना बाइक और 6 मोबाइल जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।








