
बिलासपुर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर बिलासपुर यातायात पुलिस की पैनी नजर है।
जनवरी 2026 से अब तक ITMS और ई-चालान प्रणाली के माध्यम से 1 लाख 73 हजार 400 से अधिक ई-चालान जारी किए जा चुके हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने लंबित चालानों की राशि जमा नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। निर्धारित समय में चालान शुल्क जमा नहीं करने पर मामले न्यायालय भेजे जा रहे हैं। वहीं, बार-बार नियमों का उल्लंघन करने और न्यायालय के नोटिस की अनदेखी करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन और निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार, वाहन चालक NextGen eChallan पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन चालान शुल्क जमा कर सकते हैं।
तकनीकी समस्या होने पर ITMS के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में संपर्क किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालानों की जांच कर समय पर शुल्क जमा करें और यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।

बिलासपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 1 लाख 73 हजार से अधिक ई-चालान जारी!">







