ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:– सरकंडा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक जगहों पर हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू और गुप्ती बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को टाउन भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक नगर तालाब और डबरीपारा रोड स्थित देवांगन सामुदायिक भवन के पास दो युवक हथियार लेकर लोगों को धमका रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल खान (23) और दीपक श्रीवास उर्फ मान्या (25), दोनों निवासी अशोक नगर अटल आवास, सरकंडा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य सहित सरकंडा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








