
मुश्किल घड़ी में परिवार की तरह साथ खड़ी रही बेलगहना पुलिस, गोंदिया से सुरक्षित बरामदगी के बाद आरोपी गिरफ्तार
बेलगहना:— पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने के लिए नहीं होती, कई बार यही वर्दी किसी परिवार के लिए बड़े भाई की तरह सुरक्षा और भरोसे का सहारा बन जाती है। नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में बेलगहना पुलिस की कार्रवाई ने इसी मानवीय चेहरे को सामने रखा।
मामले में नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बेलगहना और प्रधान आरक्षक प्रवीण पांडे ने मामले को गंभीरता से लिया।
लगातार पतासाजी, सुराग जुटाने और संभावित ठिकानों की जानकारी हासिल करने में पुलिस टीम जुटी रही। पुलिस के प्रयासों का नतीजा रहा कि 7 सितंबर को गोंदिया रेलवे स्टेशन से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
बेटी समझकर तलाश की, सुरक्षित घर पहुंचाना था मकसद”
नाबालिग की बरामदगी महज पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि एक परिवार को उसका भरोसा लौटाने जैसा रहा। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी विवेक कुमार केवट, उम्र 22 वर्ष, निवासी बहेरामुंडा को गिरफ्तार कर लिया।
प्रकरण में धारा 137(2), 87, 64(2)(ड) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
चौकी प्रभारी और प्रवीण पांडे की सक्रिय भूमिका
पूरे घटनाक्रम में चौकी प्रभारी बेलगहना एवं प्रधान आरक्षक प्रवीण पांडे की सक्रियता और संवेदनशीलता चर्चा में रही। उन्होंने मामले को केवल एक पुलिस केस की तरह नहीं, बल्कि एक परिवार की चिंता और नाबालिग की सुरक्षा के सवाल के रूप में लिया। लगातार प्रयास करते हुए पुलिस टीम ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद करने में सफलता हासिल की।
“वर्दी पहनी थी कानून के लिए, लेकिन फर्ज निभाया बड़े भाई की तरह—बेटी की सुरक्षा में बेलगहना पुलिस बनी ढाल।”

वर्दी में दिखा बड़े भाई का फर्ज: नाबालिग के लिए ढाल बने चौकी प्रभारी और प्रधान आरक्षक">







