ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर :—-तोरवा थाना क्षेत्र में किराना दुकान के गल्ले से नकदी रकम और सिगरेट सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में तीन अपचारी बालकों की भी पहचान कर उन्हें बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
पुलिस के मुताबिक, हेमूनगर निवासी रवि शर्मा की मसाला एवं डेली नीड्स की दुकान में 8 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर गल्ले से नकदी रकम, सिगरेट और मिच्चर पैकेट चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई थी।
शिकायत के बाद तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को तीन संदिग्ध नजर आए। फुटेज और हुलिए के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद मुख्य आरोपी की पहचान राहुल करेलिया (20 वर्ष), निवासी करगीरोड, कोटा के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी और तीन अपचारी बालकों के कब्जे से चोरी किए गए 67 पैकेट सिगरेट, करीब 9,500 रुपये कीमत के, 300 रुपये नकद और मिच्चर पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल करेलिया को गिरफ्तार कर 12 सितंबर को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया। वहीं, अपचारी बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर उन्हें बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई जांच ने किराना दुकान में हुई चोरी का पर्दाफाश कर दिया। तोरवा पुलिस की कार्रवाई से चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है।









