
बिलासपुर:— मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में बीमार छात्रा से कुर्सी साफ करवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
बताया जा रहा है कि छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी। स्कूल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। आरोप है कि छात्रा को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के बजाय उससे ही गंदी हुई कुर्सी साफ करवाई गई।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी की प्रधान पाठक श्रीमती भारती खांडे को नोटिस जारी किया है। नोटिस में तीन दिवस के भीतर पूरे मामले पर स्पष्ट और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि प्रधान पाठक का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच और स्पष्टीकरण के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बीमार छात्रा से कुर्सी साफ कराने का मामला, कलेक्टर ने लिया संज्ञान">








