
*गरियाबंद*:-छुरा थाना क्षेत्र के भैरा नवापारा के बीच स्थित मटही नाला में शनिवार सुबह साइकिल से नाला पार करते समय बहे 30 वर्षीय युवक डीगेश्वर यादव का शव करीब 24 घंटे बाद रविवार सुबह घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे दो युवक साइकिल से मटही नाला पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों युवक बह गए। इनमें से एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि डीगेश्वर यादव तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर शनिवार को काफी देर तक युवक की तलाश की, लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों ने रात में सार्वजनिक बैठक कर रविवार सुबह सामूहिक रूप से खोजबीन करने की योजना बनाई।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने नाले और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर डीगेश्वर का शव एक छोटे पेड़ की जड़ में अटका हुआ मिला। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना छुरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

साइकिल से नाला पार करते समय बहा था युवक, 24 घंटे बाद 3 किलोमीटर दूर मिला शव">








