
बिलासपुर :—बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में बाल भवन से कंप्यूटर उपकरण चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने मामले में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर करीब 30 हजार रुपये कीमत के चोरी गए कंप्यूटर उपकरण भी बरामद कर लिए गए हैं।
मामला इमलीभाठा स्थित मितवा संस्था के बाल भवन का है। पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे से 11 सितंबर की सुबह साढ़े 9 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की के रास्ते बाल भवन में प्रवेश किया और Lenovo कंपनी का मॉनिटर, ACER कंपनी का मॉनिटर, माउस और एक्सटेंशन बॉक्स चोरी कर लिया।
मामले की शिकायत 29 वर्षीय स्वाति गुप्ता ने सरकंडा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1302/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाए। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिग को संदेह के दायरे में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालक ने बाल भवन की खिड़की से प्रवेश कर कंप्यूटर उपकरण चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों मॉनिटर, माउस और एक्सटेंशन बॉक्स समेत करीब 30 हजार रुपये का पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया।
मामले में विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।









