
तखतपुर क्षेत्र के काठाकोनी-लाखासार उप स्वास्थ्य केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण, नदारद कर्मचारियों को नोटिस
प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु शासन प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में आज जिले के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा ग्रामीण अंचलों के स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी *डॉ. शुभा गेरवाल* एवं खंड चिकित्सा अधिकारी *डॉ. उमेश कुमार साहू* के द्वारा संयुक्त रूप से *सागर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं काठाकोनी, लाखासार उप स्वास्थ्य केंद्रों* का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में कई खामियां सामने आईं। निरीक्षण के समय सुपरवाइजर एवं RHO (ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी) महिला एवं पुरुष कर्मचारी अपने कर्तव्य स्थल से नदारद मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए CMHO डॉ. गेरवाल ने तुरंत नदारद मिले सभी कर्मचारियों को *कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश* दिए हैं।
अधिकारियों ने उपस्थित स्टाफ को सख्त निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों में समय पर उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, संस्थागत प्रसव और टीकाकरण को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
डॉ. उमेश कुमार साहू ने कहा कि ग्रामीणों को उनके गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, यही हमारा लक्ष्य है और इसके लिए लगातार निरीक्षण जारी रहेगा।
इस निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।








