
बिलासपुर के थाना कोनी क्षेत्र में हुई चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रात के समय अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान चोरी किया था। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 81 हजार रुपये कीमत का चोरी का मशरूका बरामद करने का दावा किया है।
थाना कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालक ने राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रात के समय घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, एक ओप्पो मोबाइल फोन, 6 हजार 700 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद कुल मशरूका की कीमत करीब 4 लाख 81 हजार 488 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल यादव, उम्र 22 वर्ष
भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया, उम्र 20 वर्ष
राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव, उम्र 28 वर्ष
एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।

कोनी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा, 4.81 लाख का मशरूका बरामद चोरी के तीन मामलों का खुलासा">








