
बिलासपुर/मस्तूरी:–मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा जनकपहाड़ी में गणेश पंडाल में बाजा बजाने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान एक युवक शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज पर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे गणेश पंडाल के पास हुई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने एक राय होकर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, छुरी और अन्य हथियारों से हमला किया। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां शैलेष राठौर उर्फ राज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी प्रकरण में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात सामने आई है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, लोहे की छुरी और लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई है।
मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 669/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को 21 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया था और 22 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।









