
*गरियाबंद*:- वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में “रन फॉर हॉर्नबिल” 10 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया। हॉर्नबिल संरक्षण और स्थानीय समुदाय में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस दौड़ में करीब 250 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
दौड़ की शुरुआत बनियाधस जलप्रपात से हुई और प्रतिभागियों ने लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय कर करीपगार जलप्रपात पहुंचकर दौड़ पूरी की। यह पूरा क्षेत्र मालाबार पाइड हॉर्नबिल के महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम में गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा, USTR के क्षेत्र संचालक गुरुनाथन एन., वन विभाग के विशेष सचिव धम्मशील गणवीर सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, रिजर्व की आठों रेंज से पहुंचे वनकर्मी और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को मालाबार पाइड हॉर्नबिल के पारिस्थितिक महत्व से अवगत कराना और संरक्षण में स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाना रहा। अधिकारियों ने बताया कि हॉर्नबिल वन पारिस्थितिकी तंत्र में बीजों के प्रसार और प्राकृतिक वन पुनर्जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
दौड़ के विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। Veteran Category में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पहला, USTR क्षेत्र संचालक गुरुनाथन एन. ने दूसरा और रेंजर तौरेंगा केजूराम कोरचे ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में वनरक्षक परमेश्वरी, ललिता, रिंकी जोशी और ओंढ गांव की टीकेश्वरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
USTR में हॉर्नबिल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “Hornbill Restaurants” और “Hornbill Safari” जैसी पहल भी संचालित की जा रही हैं।
इन पहलों का उद्देश्य हॉर्नबिल के लिए प्राकृतिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय समुदाय और युवाओं को संरक्षण गतिविधियों से जोड़ना है।
“रन फॉर हॉर्नबिल” के जरिए प्रतिभागियों ने “प्रकृति के लिए दौड़ें, हॉर्नबिल बचाएं” का संदेश दिया। आयोजन को वन्यजीव संरक्षण और जनभागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।

बनियाधस जलप्रपात से करीपगार तक हुई दौड़, कलेक्टर रणबीर शर्मा समेत वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल">







