
बिलासपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर रक्षित आरक्षी केंद्र बिलासपुर में शस्त्र पूजन समारोह विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर जिले में शांति, सुरक्षा और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर शस्त्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। परंपरा के अनुसार कुम्हड़े की प्रतीकात्मक बलि दी गई। इसके बाद जयकारों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस का जयघोष किया गया।
शस्त्र पूजन की परंपरा का निर्वहन करते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने इंसास राइफल से हवाई फायर किया। अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परंपरानुसार हवाई फायर किया। इसके बाद पुलिस वाहनों का विधिवत पूजन किया गया।
विजयादशमी के अवसर पर बिलासपुर पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने पुलिस लाइन सहित जिले के विभिन्न थानों में शस्त्र पूजन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बिलासपुर बनाने के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने जिलेवासियों और पुलिस परिवार को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक,
एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विजयादशमी पर बिलासपुर पुलिस का शस्त्र पूजन, एसएसपी रजनेश सिंह ने की जिले की सुख-शांति की कामना">







