
*गरियाबंद*:- संतोषपुरी धाम, सिलियारी बाहरा, पतोरा-गुलियारी में 25 अक्टूबर 2026 को विशाल संत समागम एवं बैठक का आयोजन किया गया। सतनाम धर्म प्रचारक संत खुबलाल टंडन बाबा और संत संतोष टंडन बाबा के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में आगामी सत्संग मेले की तैयारियों, धाम के विकास और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत खुबलाल टंडन बाबा द्वारा दीप प्रज्वलन एवं परमपूज्य गुरु घासीदास बाबा की मंगल आरती के साथ हुआ। इस दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे संत समाज के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ आरती में सहभागिता की।
25 से 27 दिसंबर तक होगा सत्संग मेला
संत खुबलाल टंडन बाबा के आदेशानुसार संत संतोष टंडन बाबा ने आगामी 25, 26 एवं 27 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले वार्षिक सत्संग मेले की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में सिलियारी बाहरा धाम के विकास, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। संत समाज से मेले की तैयारियों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील भी की गई।
मधुबाला रात्रे ने धाम के विकास में सहयोग का दिया आश्वासन
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत सभापति एवं क्षेत्र की जनसेविका मधुबाला रात्रे शामिल हुईं। महिला भक्तिनों ने उनका स्वागत किया। अपने उद्बोधन में रात्रे ने संतोषपुरी धाम के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। उन्होंने श्वेत वस्त्र धारण कर बड़ी संख्या में उपस्थित साधु-संतों, माताओं एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
सामूहिक संकल्प और विशेष ध्यान का आयोजन
समागम में संत खुबलाल टंडन बाबा एवं संत संतोष टंडन बाबा के मार्गदर्शन में सैकड़ों संतजनों को सामूहिक संकल्प कराया गया। इस अवसर पर दूर-दराज से पहुंचे संतजन श्वेत वस्त्र धारण कर कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही 30 साधु-संतों एवं 20 महिला भक्तिनों द्वारा आधे घंटे का विशेष ध्यान कराया गया। आयोजन में उपस्थित संतजनों और श्रद्धालुओं के लिए भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं।
पूरे संतोषपुरी धाम में सतनाम धर्म, गुरु-भक्ति, सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से संत समाज ने धाम के विकास तथा आगामी सत्संग मेले को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संत संतोष टंडन बाबा ने समागम में पहुंचे समस्त संत समाज, साधु-संतों, महिला भक्तिनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उक्त जानकारी सिलियारी बाहरा संतोषपुरी धाम के रविशंकर जांगड़े ने दी।

संतोषपुरी धाम में विशाल संत समागम, दिसंबर में सत्संग मेले के आयोजन की बनी रूपरेखा">








