
बिलासपुर:—- जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम पर चर्चा की गई।
बैठक में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्तावों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई। प्रस्ताव के तहत 8 मतदान केंद्रों के स्थल परिवर्तन, एक मतदान केंद्र के भवन परिवर्तन और 18 मतदान केंद्रों के नाम बदलने की योजना है। इसके अलावा 40 मतदान केंद्रों के अनुभाग परिवर्तन तथा 6 अनुभागों के नाम परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया।
प्रशासन के अनुसार, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण एवं पुनर्गठन की प्रक्रिया 2 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
बैठक में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन कराने और मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी सहित निर्वाचन अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बिलासपुर: मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज; 12 नवंबर को प्रारूप प्रकाशन, 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची">






