
बिलासपुर :—बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के मद्देनजर बिलासपुर जिला स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरोवाल ने जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट जारी करते हुए आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कॉम्बैट टीमों का गठन किया है। इन टीमों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, सिम्स, जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाइयों, बुखार, उल्टी-दस्त की दवाओं, सर्पदंश की दवाओं तथा ओआरएस, क्लोरीन टैबलेट और ब्लीचिंग पाउडर का पर्याप्त स्टॉक रखने की व्यवस्था की जा रही है।
इसके अलावा, 108 और महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रहने और हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक चिकित्सा व्यवस्था और अस्थायी स्वास्थ्य शिविर लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। 27 से 31 अक्टूबर के बीच संभावित प्रसव वाली महिलाओं को चिन्हित कर स्वास्थ्य केंद्रों या जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में सुरक्षित पहुंचाने की योजना बनाई गई है। अस्पतालों में ऑक्सीजन, जनरेटर बैकअप और प्रसव संबंधी आवश्यक सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

चक्रवात अर्नब को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में 24 घंटे आपात व्यवस्था के निर्देश">





