
*गरियाबंद*:- ग्राम बासीन स्थित ज्ञानोवा हाइट्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) एवं छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल जी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करके किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रबंधन द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति को नमन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिन्हा एवं डायरेक्टर सुश्री हिमकल्याणी शर्मा एवं उपसंचालक नरेंद्र रात्रे ने बच्चों को संबोधित करते हुए सरदार पटेल जी के अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान और उनके देशभक्तिपूर्ण विचारों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के महत्व और प्रदेश की गौरवशाली परंपरा से बच्चों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय की शिक्षिका पुष्पा सेन, ज्योति यादव एवं सुश्री सोनिया सोनी सहित समस्त शिक्षकगणों ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान नन्हें-मुन्ने बच्चों ने भी बड़े उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। संपूर्ण विद्यालय परिसर ‘राष्ट्रीय एकता’ और देशभक्ति के नारों से ओत-प्रोत रहा। इस गरिमामय समारोह में विद्यालय के प्राचार्य, संचालक, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








