
पिछली बार मंडी मेला ग्राउंड में लगा था बाजार, इस बार स्थान परिवर्तन
रतनपुर…दीपावली पर्व को लेकर रतनपुर में पटाखा बाजार सजाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर शहर में पटाखों की दुकानें सजेंगी, लेकिन इस बार बाजार के स्थान में बदलाव किया गया है। पिछले वर्ष पटाखा बाजार मंडी मेला ग्राउंड में लगाया गया था,जबकि इस बार इसे मां महामाया हेलीपैड ग्राउंड में लगाने की तैयारी की जा रही है।मां महामाया ग्राउंड में अलग-अलग दुकानों पर विभिन्न प्रकार के पटाखे उपलब्ध रहेंगे। दीपावली के दौरान शहरवासियों को पटाखों की खरीदारी के लिए इसी स्थान पर बाजार मिलेगा।
स्थान परिवर्तन के बाद बाजार को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। बाजार स्थल पर फायर ब्रिगेड की तैनाती, पुलिस की निगरानी, सुरक्षा बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा आवागमन की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है, ताकि खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और किसी अप्रिय घटना की स्थिति से बचा जा सके।पटाखा व्यवसायियों का कहना है कि नई जगह अपेक्षाकृत खुली और हवादार है। इससे सुरक्षा मानकों का पालन करने में सुविधा होगी। वहीं ग्राहकों के वाहनों के लिए भी पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने की उम्मीद है।
स्थान परिवर्तन को लेकर नगरवासियों में भी उत्सुकता है। लोगों का कहना है कि मां महामाया ग्राउंड में पटाखा बाजार लगने से दीपावली के दौरान शहर में रौनक बढ़ेगी। अब दीपावली की खरीदारी के लिए शहरवासियों को मां महामाया ग्राउंड में पटाखा बाजार उपलब्ध रहेगा।

इस बार मां महामाया ग्राउंड हेलीपैड में सजेगा पटाखा बाजार, तैयारियां शुरू">






