
बिलासपुर:— जिले में अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए काला पत्थर (फर्श) का परिवहन कर रहे चार माजदा वाहनों को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, वाहन चालकों के पास परिवहन किए जा रहे खनिज से संबंधित रॉयल्टी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को बिल्हा पुलिस स्थायी वारंटियों की तलाश में निकली हुई थी। इसी दौरान झाल मोड़ के पास चार माजदा वाहनों को खनिज काला पत्थर (फर्श) का परिवहन करते हुए रोका गया। पुलिस ने जब वाहन चालकों से खनिज के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और मौके पर कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया। मामले में चार अलग-अलग इस्तगासा क्रमांक 01/2026, 02/2026, 03/2026 एवं 04/2026 के तहत धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, जब्त वाहनों में माजदा क्रमांक CG06GZ 0571, CG06GQ 3023, CG04MM 1351 और CG04PX 8189 शामिल हैं। वाहन चालकों की पहचान हिलेश यादव, दुर्गेश यादव, मनीराम यादव और डाहरू यादव के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग मामलों के अनावेदक हैं और महासमुंद जिले के निवासी बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अजय साहू, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे तथा आरक्षक संतोष मरकाम और अर्जुन जांगड़े का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध की गई वैधानिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

झाल मोड़ पर पुलिस की दबिश, अवैध खनिज परिवहन करते चार माजदा वाहन पकड़े">







