
बिलासपुर में छठ महापर्व को लेकर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अरपा नदी के तोरवा छठ घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
दीपों की रोशनी और छठी मैया के जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। साफ मौसम के बीच व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
तस्वीरें बिलासपुर के तोरवा छठ घाट की हैं, जहां रविवार शाम चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचीं। फल, नारियल, गन्ना और पारंपरिक ठेकुआ से सजे सूप के साथ व्रतियों ने अरपा नदी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
इस बार साफ मौसम ने श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त आयोजन में 26 वर्षों की परंपरा देखने को मिली।
अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा और छठ महापर्व का समापन होगा।







