
17 से 22 नवंबर तक छह दिवसीय विशेष शिविर का होगा आयोजन, युवाओं और ग्रामीणों की सहभागिता पर रहेगा जोर
बेलगहना:—युवाओं में सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देशीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बिलासपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा कोटा विकासखंड के ग्राम केकराडीह में छह दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 17 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक ग्राम केकराडीह स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित होगा।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर की अनुमति से आयोजित इस शिविर का आयोजन विद्यालय की प्राचार्या डॉ. श्रीमती चंदनापाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर की मुख्य थीम **’नशा एवं टीबी मुक्त युवा’** रखी गई है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
शिविर का शुभारंभ 17 नवंबर को दोपहर 2 बजे किया जाएगा। छह दिनों तक चलने वाले इस विशेष शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करेंगे।
विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी अरविंद पांडेय ने शिविर की जानकारी देते हुए ग्राम केकराडीह सहित आसपास के ग्रामीणों और विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता निभाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने, सेवा और सहयोग की भावना विकसित करने तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का अवसर प्रदान करते हैं। शिविर का उद्देश्य स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।








