
राज्य स्तरीय जसगीत प्रतियोगिता में मुंगेली- छतौना मंडली ने मारी बाजी…
झांकी प्रतियोगिता में दुर्गा की प्रस्तुति रही प्रथम
18 मंडलियों और प्रतिभागियों के बीच मुकाबले के बाद घोषित हुए परिणाम….कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बिलासपुर:— ग्राम पंचायत परसदा भरनी में आयोजित काली उत्सव 2026 में धार्मिक आस्था, भक्ति और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिला। उत्सव के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय जसगीत एवं झांकी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के बाद विजेताओं के नामों की घोषणा कर दी गई।
प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों और मंडलियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। फाइनल मुकाबले में जसगीत और झांकी दोनों विधाओं में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
जसगीत प्रतियोगिता में मुंगेली के छतौना ने हासिल किया प्रथम स्थान
राज्य स्तरीय जसगीत प्रतियोगिता में मुंगेली जिले के मुंगेली छतौना मंडली ने शानदार प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं मझबानी ने द्वितीय, गतौरा ने तृतीय, तेलियापुरान ने चतुर्थ तथा नन्ही डॉली बेलपान ने पंचम स्थान हासिल किया। कलाकारों की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने आयोजन स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
झांकी प्रतियोगिता में मुंगेली की दुर्गा कश्यप प्रथम
झांकी प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक और आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान खींचा। इसमें मुंगेली की दुर्गा कश्यप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवम यादव ग्रुप द्वितीय, बिटकुला तृतीय, खामही चतुर्थ और पौसरी ने पंचम स्थान हासिल किया।
लोक संस्कृति और धार्मिक परंपरा को मिला मंच
काली उत्सव में राज्य स्तरीय जसगीत एवं झांकी प्रतियोगिता के साथ रंगोली प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।
आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। जसगीत की भक्तिमय धुनों और झांकियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी।
आयोजन समिति के प्रयासों से भव्य आयोजन
काली उत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य राकेश वस्त्रकार, अजय साहू, भोला वस्त्रकार, विकास यादव, सुनील यादव (उपसरपंच), भरत लोनिया, संतोष लोनिया, अनिल यादव, राकेश निर्मलकर और कृष्ण कुमार लोहार सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुल मिलाकर परसदा भरनी का काली उत्सव धार्मिक आस्था के साथ लोक कला और प्रतिभाओं को सम्मानित करने का बड़ा मंच बनकर उभरा। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने के साथ ही विजेता मंडलियों और प्रतिभागियों में उत्साह का माहौल रहा।

बिलासपुर के परसदा भरनी काली उत्सव में जसगीत और झांकी प्रतियोगिता के विजेताओं का ऐलान..">







