
*गरियाबंद*:- जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब श्रम विभाग द्वारा संचालित भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की नोनी-बाबू मेधावी प्रोत्साहन सहायता योजना के तहत जिले के तीन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

योजना के अंतर्गत कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के माध्यम से डमी चेक प्रदान किए गए। इन विद्यार्थियों को कुल 6 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। प्रत्येक विद्यार्थी को 2 लाख रुपये दिए गए, जिसमें 1 लाख रुपये मेधावी प्रोत्साहन राशि तथा 1 लाख रुपये स्कूटी क्रय के लिए शामिल है।
इस अवसर पर कलेक्टर भगवान सिंह उइके एवं सीईओ जिला पंचायत प्रखर चंद्राकर ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने की शुभकामनाएं दीं।
श्रम अधिकारी जयंती बंसल ने बताया कि नोनी-बाबू मेधावी प्रोत्साहन सहायता योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले के तीन मेधावी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे गरियाबंद जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है।

गरियाबंद के तीन मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान, नोनी-बाबू योजना के तहत 6 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान">








