ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर :—-जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 139 नशीली टेबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की नगदी और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन्द्र इंगले (23 वर्ष) निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि अरपा नदी किनारे पचरीघाट क्षेत्र में एक व्यक्ति नशीली टेबलेट और गांजा बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में बड़ी मात्रा में नशीला सामान बरामद
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 139 नग NITRAZEPAM एवं NITROSUN नशीली टेबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की ₹1,000 नगद राशि तथा तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-10/3568) बरामद कर जब्त की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 446/2026 के तहत धारा 21(B), 22(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
सप्लाई चेन और आर्थिक नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस अब इस मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। नशीले पदार्थों के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला, इस कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान के साथ-साथ अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।








