
बिलासपुर:–जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में पदस्थ दो पुलिस अधिकारियों पर पुलिस पद के दुरुपयोग, अवैध वसूली और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्राम सरगवां निवासी रूपचंद मनहर ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, मस्तूरी थाना में पदस्थ उप निरीक्षक डोला राम मरकाम एवं उप निरीक्षक गौतम लंबे समय से शिकायतकर्ता की देशी मुर्गी की दुकान से बिना भुगतान किए मुर्गे ले जाते रहे। आरोप है कि जब भी उनसे कीमत मांगी जाती थी, तब वे पुलिस पद का भय दिखाकर गाली-गलौज करते और झूठे आपराधिक प्रकरण में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देते थे।
शिकायत में बताया गया है कि 2 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 से 11 बजे दोनों पुलिस अधिकारी दुकान पहुंचे और लगभग 4.5 किलोग्राम देशी मुर्गा बिना भुगतान लिए जाने लगे। उस समय दुकान पर मौजूद शिकायतकर्ता के 16 वर्षीय नाबालिग पुत्र ने विनम्रतापूर्वक पैसे देने का आग्रह किया, जिस पर दोनों अधिकारियों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, तब उनकी पत्नी और बहू के साथ भी अशोभनीय गाली-गलौज की गई तथा सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने कथित रूप से दुकान बंद कराने, झूठी एफआईआर दर्ज कराने और पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी दी।
शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों पुलिस अधिकारियों ने मामला दबाने के लिए ₹50,000 की अवैध मांग की और राशि नहीं देने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की चेतावनी दी। शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच, संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

बिलासपुर में पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप: बिना भुगतान मुर्गे ले जाने, मारपीट और ₹50 हजार की अवैध वसूली की शिकायत">






