ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:– अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रहंगी निवासी शेखर ध्रुव उर्फ विक्की (24 वर्ष) अचानकपुर के सवरा मोहल्ला में नीम के पेड़ के नीचे प्लास्टिक डिब्बों में महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो 15-15 लीटर के पीले प्लास्टिक डिब्बों तथा एक 5 लीटर के सफेद प्लास्टिक डिब्बे में कुल 35 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री के लिए रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशे के कारोबार या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर दें।








