
बिलासपुर..छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड के ऊपर बने लो-प्रेशर सिस्टम के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसके बावजूद 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
जांजगीर-चांपा के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा तेज बारिश के कारण बह गया, जिसके बाद प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया।
वहीं बिलासपुर में लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक पानी भर गया। कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 307.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत का 81.8 प्रतिशत है। इस सीजन में बिलासपुर संभाग सबसे आगे है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे अधिक 525.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि शनिवार को सबसे ज्यादा 58.6 मिमी बारिश बिलासपुर जिले में हुई।
रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लगातार हो रही बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई को लाभ मिल रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।








