
काला बुरखा पहनकर घर में घुसे बदमाश ने दंपती से मारपीट की, जान से मारने की धमकी देकर फरार; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव में देर रात बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। काला बुरखा पहने बदमाश ने एयरगन के दम पर दंपती को धमकाया, मारपीट की और करीब 50 हजार रुपये के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।पीड़िता राजकुमारी जायसवाल की शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई की रात भोजन के बाद वह अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान उनके पति छेदीलाल जायसवाल बाथरूम जाने के लिए बाहर निकले, तभी पहले से घात लगाए बदमाश ने उनका गला और मुंह दबा दिया।आवाज सुनकर जब राजकुमारी जागीं तो काला बुरखा पहने आरोपी कमरे में घुस आया।
उसने एयरगन अड़ाकर तकिए से उनका मुंह दबाया और जान से मारने की धमकी दी। भय के कारण उन्होंने अपने गले में पहने तीन फल वाले सोने के लॉकेट, दो गेहूं दाना सोने के आभूषण और दो जोड़ी सोने के झुमके बदमाश को सौंप दिए।वारदात के दौरान हुई छीना-झपटी में राजकुमारी के हाथ, जांघ और पेट में चोटें आईं, जबकि उनके पति के मुंह से खून निकलने लगा। घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को देने के बाद अगले दिन कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(6) एवं 332(बी) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।








