
थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, बच्चों की सुरक्षा के लिए 3 घंटे भारी वाहनों पर रोक लगाने का अनुरोध
रतनपुर…. आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर नगर में निकलने वाली स्कूली बच्चों की रैली को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर ने थाना प्रभारी रतनपुर को ज्ञापन सौंपकर रैली के दौरान तीन घंटे तक यातायात व्यवस्था में परिवर्तन करने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक रैली निकालते हैं। रैली महमाया चौक से होकर गुजरती है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि 15 अगस्त की सुबह लगभग तीन घंटे तक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाए तथा नगर के भीतर उनके प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई जाए, ताकि बच्चों की रैली बिना किसी व्यवधान और पूरी सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव से न केवल विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम भी सुचारु रूप से आयोजित किए जा सकेंगे।
यह ज्ञापन विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद खोखर एवं पार्षद पुष्पकांत कश्यप के हस्ताक्षर के साथ 6 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी रतनपुर को सौंपा गया। अब पुलिस प्रशासन के निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

15 अगस्त की स्कूली रैली को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर ने की ट्रैफिक डायवर्जन की मांग">







