
बिलासपुर/कोटा,:— रतनपुर-केंदा-केवची राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 के अधूरे और गुणवत्ताविहीन निर्माण को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेसियों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बदहाल सड़क पर धान रोपकर अपना विरोध दर्ज कराया और करीब दो घंटे तक धरना दिया। इस दौरान सड़क निर्माण शीघ्र पूरा कराने, गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
गड्ढों और कीचड़ के बीच धान रोपकर जताया आक्रोश
विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि रतनपुर से जबलपुर को जोड़ने वाला यह मार्ग छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद रतनपुर-केंदा-केवची मार्ग का निर्माण अधूरा पड़ा है और कई स्थानों पर सड़क की हालत बेहद खराब है। बड़े-बड़े गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क की बदहाल स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से दिखाते हुए सड़क पर धान रोपा। विधायक ने कहा कि जिस सड़क पर वाहनों को दौड़ना चाहिए, वहां लोगों को कीचड़ और गड्ढों से जूझना पड़ रहा है। यह स्थिति निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
एसडीएम और एनएच के अधिकारियों ने लिया ज्ञापन
धरना प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम तखतपुर नितिन तिवारी, तहसीलदार रतनपुर तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर ज्ञापन लिया। विधायक ने कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी बिलासपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर सड़क निर्माण की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
मरम्मत तत्काल, निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग
विधायक अटल श्रीवास्तव ने मांग की कि रतनपुर-केंदा-केवची राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कर निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। वर्तमान में गड्ढों और खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत एवं फिलिंग कराई जाए। सड़क की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की उच्चस्तरीय जांच हो तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
उन्होंने गुणवत्ताहीन निर्माण प्रमाणित होने पर संबंधित ठेकेदार की निविदा निरस्त कर नई निविदा प्रक्रिया शुरू करने तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कठोर कार्रवाई की मांग की।
मांग पूरी नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण राहगीरों को परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क निर्माण में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मिलकर बड़े आंदोलन और व्यापक विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष आदित्य दीक्षित, जिला महामंत्री शीतल जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद, पार्षद पुष्कांत कश्यप, आनंद जायसवाल, शिवा पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य रजनी पिंटू मरकाम, ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी उद्देश्य, जनपद सदस्य सचिन साहू, विधायक प्रतिनिधि शिवदत्त पांडे, विधायक प्रतिनिधि कुलवंत सिंह, यासीन खान, कृष्णा साहू, गोवर्धन आमों, पिंटू गुप्ता, राम गंधर्व, कपिल, मनोज बाजपेई, संतोष साहू, शैलेश राजपूत, पूर्णिमा वैष्णव, रॉकी अनुरागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
“जहां सड़क पर दौड़ने थे वाहन, वहां धान रोपकर बोला जनआक्रोश!”
“गड्ढों में फंसता सफर, सड़क निर्माण में आखिर किसकी नजर?”
“हाईवे चाहिए मजबूत, अधूरा काम नहीं मंजूर!”
“सड़क की गुणवत्ता से समझौता नहीं—जनता की सुरक्षा सर्वोपरि
!”
“गड्ढों वाली सड़क पर धान की रोपाई, निर्माण व्यवस्था पर विधायक ने उठाई उंगली!”
“सड़क बनाओ, सफर बचाओ—नहीं तो आंदोलन और बढ़ाओ!”








