
कोरबा / हरदी बाजार:— ग्राम हरदी बाजार निवासी नाबालिग कुमारी मुस्कान चौहान आत्महत्या प्रकरण में अब प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक कार्यालय राजभवन ने संज्ञान ले लिया है। सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारे द्वारा की गई शिकायत पर राज्यपाल सचिवालय ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ को पत्र जारी कर निष्पक्ष जांच और कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल के अवर सचिव की ओर से जारी आदेश पत्र क्रमांक I/666600/2026/6902/शि.प्र. रायपुर, दिनांक 30-09-2026 के अनुसार यह पत्र सीधे पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर, अटल नगर को प्रेषित किया गया है।
पत्र में स्पष्ट रूप से विषय लिखा है – ग्राम हरदी बाजार निवासी नाबालिग कुमार मुस्कान चौहान आत्महत्या प्रकरण में आरोपीगणों एवं थाना हरदी बाजार पुलिस की लापरवाही की निष्पक्ष जांच एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई बाबत्।
राजभवन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि श्री प्रमोद कुमार बंजारे, प्रदेशाध्यक्ष, सर्व पत्रकार एकता महासंघ, छत्तीसगढ़, ग्राम मुड़ापार, पो. कोरबी धतूरा, थाना हरदी बाजार, जिला कोरबा द्वारा माननीय राज्यपाल महोदय को पृष्ठांकित आवेदन पत्र क्रमांक 72 दिनांक 7.9.2026 मूलतः संलग्न है। निर्देशानुसार अनुरोध है कि आवेदन पत्र पर नियमानुसार आवश्यक जांच कार्यवाही करते हुए कृत कार्यवाही से आवेदक एवं इस सचिवालय को अवगत कराने का कष्ट करें।
बता दें कि यह वही मामला है जिसमें हरदी बाजार की नाबालिग बेटी मुस्कान चौहान ने आत्महत्या कर ली थी। परिजनों और सर्व पत्रकार एकता महासंघ ने आरोप लगाया था कि इस पूरे मामले में आरोपीगणों को बचाया जा रहा है और थाना हरदी बाजार पुलिस द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है। पुलिस पर आरोपियों पर कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगे थे।
इस मामले में पहले राष्ट्रपति भवन से भी मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ को कार्रवाई के लिए पत्र जारी हो चुका है, और अब राजभवन से सीधे DGP को पत्र जारी होने के बाद हरदी बाजार पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब DGP कार्यालय को इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर राजभवन और आवेदक को अवगत कराना होगा।
सर्व पत्रकार एकता महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारे ने बताया कि वे इस मामले को लेकर लगातार लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक नाबालिग बेटी को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने राष्ट्रपति और राज्यपाल दोनों से गुहार लगाई थी, जिसका परिणाम है कि आज राजभवन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी को जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
इस आदेश के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि अब इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तय है। पीड़ित परिवार ने भी राजभवन का आभार जताते हुए न्याय की उम्मीद जताई है।

हरदी बाजार पुलिस की लापरवाही पर राजभवन सख्त, DGP को निष्पक्ष जांच के आदेश">







