
*गरियाबंद*:- जनपद पंचायत फिंगेश्वर की सामान्य सभा समीक्षा बैठक में विकासखंड में हो रहे रेत एवं मुरुम के अवैध उत्खनन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में अवैध उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाने तथा संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू ने की। इस दौरान जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष सतीश यादव एवं समस्त सभापति,सदस्य की उपस्थिति में विकासखंड में अवैध उत्खनन की स्थिति पर चर्चा करते हुए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विकासखंड की समस्त ग्राम पंचायतों से उनके क्षेत्र में हो रहे अवैध रेत एवं मुरुम उत्खनन की जानकारी मांगी जाएगी। संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों से जानकारी प्राप्त कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा, ताकि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को पहल करने हेतु कहा जा सके।
अवैध उत्खनन से शासन को राजस्व की हानि होने के साथ-साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसे देखते हुए बैठक में जवाबदेही सुनिश्चित करने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
जनपद पंचायत फिंगेश्वर की सामान्य सभा का यह निर्णय विकासखंड में अवैध उत्खनन के मामलों की जानकारी जुटाने और नियमानुसार कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना, शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

जनपद पंचायत फिंगेश्वर की सामान्य सभा में बड़ा फैसला, अवैध रेत-मुरुम उत्खनन पर कार्रवाई की मांग">







