
*राजिम*:- क्षेत्रीय दौरे के दौरान राजिम विधायक रोहित साहू ने ग्राम श्यामनगर में ग्रामवासियों एवं समर्पण ग्रुप द्वारा लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए गए सुंदर मुक्तिधाम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मुक्तिधाम में किए गए व्यवस्थित विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को करीब से देखा और इसकी जमकर सराहना की। इस अवसर पर विधायक साहू ने अपने हाथों से मुक्तिधाम परिसर में आम एवं जामुन के पौधों का रोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
मुक्तिधाम में आवागमन के लिए सुंदर चेकर टाइल्स से रास्ते बनाए गए हैं। वहीं निश्चित दूरी पर सुव्यवस्थित तरीके से पौधे लगाए गए हैं, जो अब बड़े होकर फल देने लगे हैं। यहां नारियल, जामुन, आम, कटहल और आंवला जैसे फलदार वृक्षों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्थानीय वन संपदा एवं पारंपरिक वनस्पतियों की जानकारी देने के उद्देश्य से हर्रा, बहेड़ा, महुआ और सल्फी जैसे पौधे भी लगाए गए हैं।
इस अवसर पर समर्पण ग्रुप के अध्यक्ष प्रेम साहू एवं जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने बताया कि वर्ष 2021 में ग्रामवासियों के सहयोग से इस मुक्तिधाम के विकास की शुरुआत की गई थी। सबसे पहले जमीन को समतल कराया गया। इसके बाद ट्यूबवेल की व्यवस्था, पूरे परिसर में पाइपलाइन विस्तार, तार फेंसिंग तथा व्यवस्थित ढंग से पौधरोपण कर इसे एक सुंदर एवं हरे-भरे उद्यान के रूप में विकसित किया गया।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि इस प्रकार मुक्तिधाम को भव्य उद्यान के रूप में विकसित करना अपने आप में अनुकरणीय पहल है। ऐसे सुंदर और व्यवस्थित मुक्तिधाम बहुत कम देखने को मिलते हैं। श्यामनगर के ग्रामवासियों एवं समर्पण ग्रुप ने सामूहिक सहभागिता से एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। हम सभी को इससे प्रेरणा लेकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए।उन्होंने कहा कि सामान्यतः लोग मुक्तिधाम में केवल किसी की अंत्येष्टि के समय ही आते हैं, लेकिन श्यामनगर का यह मुक्तिधाम ऐसा विकसित किया गया है, जहां लोग दिन हो या रात, कभी भी आकर प्राकृतिक वातावरण में टहल सकते हैं और सुकून के पल बिता सकते हैं।विधायक साहू ने आगे कहा कि शासन की योजनाओं के साथ यदि ग्रामवासी भी इसी प्रकार सामूहिक सहभागिता और जनसहयोग से आगे आएं, तो निश्चित रूप से गांवों की तस्वीर बदली जा सकती है। श्यामनगर का यह मुक्तिधाम पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति को सहेजने का एक सुंदर उदाहरण है।इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, नेहरू साहू, चितरंजन साहू, उपसरपंच वामन निर्मलकर, रंजीत पटेल, डॉ. हरीश साहू, कीर्तन साहू, भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक साहू, पुरंदर वर्मा, पवन साहू, जितेंद्र साहू, टामेश्वरी साहू, विष्णु साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

श्यामनगर का 3 एकड़ में विकसित मुक्तिधाम बना सुंदर उद्यान, विधायक रोहित साहू ने किया भ्रमण">








