
नारायणपुर:—, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में नारायणपुर जिले के सुदूर एवं दुर्गम अबूझमाड़ अंचल में निवासरत ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में संचालित सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों के आवश्यक दस्तावेज मिशन मोड पर तैयार किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े।
इसी पहल का सकारात्मक परिणाम तहसील कोहकामेटा अंतर्गत ग्राम किहकाड़ निवासी जलदेव, पिता दुलार सिंह को मिला। उन्होंने कुन्दला सेवा सेतु केंद्र में निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। केंद्र में उनके आवेदन पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की गई और आवेदन के दिन ही उनका निवास प्रमाण पत्र तैयार कर प्रदान किया गया। इस त्वरित सेवा से उन्हें आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि अबूझमाड़ क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों एवं दूरस्थ बसाहटों के कारण ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए कई बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में सेवा सेतु केंद्र ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही आवश्यक प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से पात्र ग्रामीणों के दस्तावेजों से संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामीणों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं अन्य शासकीय सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दस्तावेजों के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने से वंचित न रहे।

कुन्दला सेवा सेतु केंद्र में आवेदन के दिन ही जलदेव को मिला निवास प्रमाण पत्र">






