ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:– वर्ष 2005 में हुए हत्या के एक मामले में सजा मिलने के बाद से फरार चल रहे आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी शेष सजा भुगतने से बचने के लिए लंबे समय से फरार था। न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुड्डू उर्फ शिवदयाल सूर्यवंशी (45 वर्ष), निवासी चंदेला नगर, बिलासपुर को 2005 के हत्या प्रकरण में न्यायालय द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद शेष सजा भुगतनी थी, लेकिन वह फरार हो गया था। इसी बीच 25 नवंबर 2026 को पुलिस को उसके अपने निवास पर मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे शेष सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल बिलासपुर भेज दिया गया। लंबे समय से फरार चल रहे हत्या के सजायाफ्ता आरोपी की गिरफ्तारी को सिविल लाइन पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।








